-->
SP कार्यकर्ताओं की मुश्किलें बढ़ी

SP कार्यकर्ताओं की मुश्किलें बढ़ी


सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के फरमान पर मतगणना से एक दिन पूर्व मंडी समिति के आसपास सुरक्षा के लिए डटे सपाइयों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। एडीएम के वाहन चालक ने मामले में 100 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। हालांकि तहरीर में किसी पार्टी या पदाधिकारी का नाम नहीं खोला गया है। मौखिक तौर पर पुलिस अधिकारी आरोपितों में सपाई होने की बात कह रहे हैं।

दो दिनों तक यह मामला दबा रहा। शनिवार को जांच शुरू होते ही खलबली मच गई है।

बेहटागोकुल थाना क्षेत्र के गांव पिपरीजरारा निवासी एवं अपर जिलाधिकारी के वाहन चालक उमेश कुमार ने दर्ज कराई रिपोर्ट में लिखाया है कि नौ मार्च को दोपहर करीब तीन बजे एडीएम को सरकारी वाहन से मतगणना के लिए रखी गई ईवीएम के स्ट्रांग रूम को देखने सरकारी कार्य से जा रहा था। ये ईवीएम मंडी समिति में रखी थीं। उनके साथ सरकारी गनर सिपाही राजीव कुमार निवासी भुटराणी थाना कोतवाली शहर भी थे।

उनका आरोप है कि वह लोग जैसे ही मंडी गेट के सामने पहुंचे तभी वहां मौजूद करीब 100 अज्ञात लोगों ने गाड़ी को रोक लिया। एडीएम के पूछने पर उनके सरकारी वाहन का गेट खोलने लगे। एडीएम ने समझाने का प्रयास किया तो उत्तेजित होने लगे। इससे अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया। लोगों में भगदड़ मच गई। कुछ लोग अपने वाहन छोड़कर पैदल ही भाग गए। लोगों ने सरकारी कार्य में बाधा डाली।

आम जनता व एडीएम के रास्ते में अवरोध उत्पन्न कर दिया। धारा 144 का भी उल्लंघन किया। शहर कोतवाल दीपक शुक्ला ने कहा कि जिस दिन लोगों ने मजिस्ट्रेट की गाड़ी रोकी थी, उसी दिन तहरीर के आधार पर देर रात रिपोर्ट दर्ज की गई थी। मतगणना होने के कारण तब मामला शांत रहा। अब जांच शुरू कर दी गई है। वीडियो व फोटो से पहचान कराई जाएगी। इसके बाद सबूतों के आधार पर आरोपितों की पहचान कराई जाएगी। फिर गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी।

0 Response to "SP कार्यकर्ताओं की मुश्किलें बढ़ी"

Post a Comment